पुल के नीचे रहने वाला ट्रोल बहुत बूढ़ा था, बहुत विशाल था, और बहुत शिष्ट था, और आस्त्रिद से उसने सबसे पहली बात यह कही, "माफ़ कीजिए, पर क्या आपके पास संयोग से कोई कहानी होगी? मुझे डर है कि मुझे कुछ चक्कर-सा आ रहा है।"
आस्त्रिद दस साल की थी, और ब्रूविक गाँव में उसे आए ठीक एक दिन हुआ था। उसे गर्मियों भर के लिए अपनी बुआ-दादी सोल्वेग के पास भेज दिया गया था, जब तक उसके माता-पिता मामले सुलझा रहे थे, जो बड़े लोग तब कहते हैं जब उनका मतलब होता है कि रात को रसोई में वे एक-दूसरे पर चिल्ला रहे हैं और नहीं चाहते कि तुम सुनो। उसे ब्रूविक में रहना बिल्कुल पसंद नहीं था। वह छोटा, धूसर और गीला-सा गाँव था, एक लंबे फ़ियोर्ड के सिरे पर दो पहाड़ों के बीच भिंचा हुआ, इतने खड़े पहाड़ कि धूप गाँव तक दिन में बस चार घंटे पहुँचती थी। वहाँ कोई शॉपिंग सेंटर नहीं था। दुकान भी मुश्किल से थी। एक गिरजाघर था, एक स्कूल, एक घाट, बहुत सारी भेड़ें, और पहाड़ों से गरजती हुई उतरती नदी पर एक पुराना पत्थर का पुल।
वह मुँह फुलाने के लिए नदी पर आई थी, और पुल के नीचे किनारे से उतरकर वहाँ बैठ गई थी जहाँ उसे कोई देख न सके, और कोई दस मिनट से एक चट्टान पर बैठी पानी में कंकड़ फेंक रही थी कि पुल का एक पत्थर अपनी आँखें खोल बैठा।