सर्दियों की एक दोपहर के ठंडे नीले झुटपुटे में, कैमडेन टाउन की दो ढलवाँ सड़कों के कोने पर बनी मिठाई की छोटी-सी दुकान साँझ के अँधेरे में गर्माहट से दमक रही थी। उसकी खिड़की रंग-बिरंगी टॉफ़ियों और शादी के बड़े-बड़े सफ़ेद केकों से भरी थी, और लाल बालों और पक्के इरादे वाले चेहरे का एक लंबा नौजवान अंदर जाने से पहले उसमें झाँकता खड़ा था। उसका नाम था जॉन टर्नबुल एंगस। उसने काउंटर के पीछे खड़ी साँवली, सुंदर लड़की से आधे पेनी का एक बन और छोटा कप ब्लैक कॉफ़ी माँगी, और फिर, इतने इत्मीनान से जैसे मौसम के बारे में कुछ कह रहा हो, उससे शादी का प्रस्ताव रख दिया।
लड़की का नाम था लॉरा होप। वह हँसी नहीं। उलटे, वह गंभीर हो गई और बोली कि कोई भी जवाब देने से पहले उसे एक कहानी सुनानी होगी, क्योंकि उसे पक्का नहीं पता कि वह आज़ाद है या नहीं।