जिन काग़ज़ों से मैंने यह जुड़ी हुई कहानी बनाई है, वे मेरे हाथ कैसे लगे, यह बात इन पन्नों में पाठक को सबसे अंत में पता चलेगी। पर उनमें से लिए गए अंशों से पहले यह बता देना ज़रूरी है कि वे मेरे पास किस रूप में हैं।
वे काग़ज़ कुछ हद तक एक यात्रा-वृत्तांत के लिए जुटाई गई सामग्री हैं, उसी तरह की किताब के लिए जैसी चालीस और पचास के दशकों में आम हुआ करती थी। होरेस मैरिएट की “जर्नल ऑफ़ अ रेज़िडेंस इन जटलैंड एंड द डैनिश आइल्स” उस क़िस्म की किताबों का अच्छा नमूना है जिसकी मैं बात कर रहा हूँ। ऐसी किताबें अक्सर यूरोप के किसी अनजान इलाक़े के बारे में होती थीं। उनमें लकड़ी के ठप्पों या इस्पात की प्लेटों से बने चित्र होते थे। उनमें होटलों में ठहरने और आने-जाने के साधनों का ब्योरा होता था, जैसा हम आज किसी भी सलीक़े की गाइडबुक में खोजते हैं, और बहुत सारा हिस्सा समझदार विदेशियों, चटपटी बातें करने वाले सराय-मालिकों और बकबकिया किसानों से हुई बातचीत का होता था। एक शब्द में कहें तो वे बतरस भरी किताबें थीं।
ऐसी ही किसी किताब की सामग्री जुटाने के इरादे से शुरू हुए ये काग़ज़ आगे बढ़ते-बढ़ते एक अकेले निजी अनुभव का लेखा बन गए, और यह लेखा लगभग उस अनुभव के अंत की पूर्वसंध्या तक चलता रहा।